जशपुर। आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जशपुर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में पत्थलगांव पुलिस ने 6 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ गांव में बार-बार लड़ाई-झगड़ा करने, शांति व्यवस्था प्रभावित करने और अवैध मादक पदार्थों की बिक्री जैसी गतिविधियों में संलिप्त रहने की शिकायतें सामने आई थीं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में जिलेभर में असामाजिक गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। दीपावली के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना रोकने के लिए सभी थाना और चौकी प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने तथा शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका वाले व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी अभियान के तहत पत्थलगांव पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत 6 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। सभी को अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम), पत्थलगांव के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इन 6 व्यक्तियों के खिलाफ हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की जद में आए व्यक्तियों के नाम इस प्रकार हैं:
फकीर यादव (34 वर्ष) — निवासी तमता, बथान पारा, शिव कुमार पोर्ते (44 वर्ष) — निवासी खरकाता, बेल पारा, सिराज हुसैन (26 वर्ष) — निवासी मदनपुर इंजको, जगदीश वैष्णव (34 वर्ष) — निवासी तमता, संतोष नामदेव उर्फ बांगड़ा (28 वर्ष) — निवासी प्रेमनगर और सालिक तिर्की (55 वर्ष) — निवासी प्रेमनगर शामिल हैं।