Jashpur : 10 लाख का लोन दिलाने के नाम पर 1.93 लाख की ठगी, भिलाई से आरोपी गिरफ्तार

जशपुर। लोन दिलाने का झांसा देकर सुरक्षा राशि के नाम पर 1 लाख 93 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में जशपुर पुलिस ने एक आरोपी को भिलाई से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चंद्रमणि देवदास के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

ऐसे दिया ठगी को अंजाम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पत्थलगांव थाना क्षेत्र के शांतिनगर, तिलडेगा निवासी गजानंद चौहान (36 वर्ष) को वर्ष 2025 में लोन की आवश्यकता थी। इसी दौरान भिलाई निवासी चंद्रमणि देवदास ने फोन कर खुद को सोमी फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड का कर्मचारी बताया। उसने प्रार्थी से कहा कि उसके 10 लाख रुपये के लोन की फाइल उसके पास आई है और लोन दिलाने के लिए कंपनी में सुरक्षा निधि जमा करनी होगी।

आरोप है कि चंद्रमणि ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर लोन दिलाने का भरोसा दिया और सुरक्षा राशि के नाम पर प्रार्थी से कुल 1 लाख 93 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद आरोपी फरार हो गए और प्रार्थी को लोन नहीं मिला।

प्रार्थी ने 3 अगस्त 2026 को थाना पत्थलगांव में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 163/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने संबंधित बैंक से खातों की जानकारी जुटाई। इसी बीच चंद्रमणि देवदास के भिलाई में होने की सूचना मिली। इसके बाद जशपुर पुलिस की टीम भिलाई पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पत्थलगांव लाई।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों का इस्तेमाल कर प्राप्त रकम को घरेलू खर्चों में उपयोग किया गया। जांच में संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने 26 अक्टूबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी

जशपुर पुलिस ने मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है। दोनों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *