जरवायडीह बाजार चौक में 3 युवकों ने की गुंडागर्दी, सट्ठी कार्यक्रम में आए मेहमान का सिर फोड़ा, जबरन किया प्राणघातक हमला

धमतरी/कुरुद। जिले के बिरेझर चौकी क्षेत्र में सट्ठी कार्यक्रम में आए मेहमान के साथ जबरन मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। जरवायडीह गांव के बाजार चौक पर तीन युवकों ने एक व्यक्ति और उसके परिजनों को रोककर पहले पैर पकड़कर माफी मांगने का दबाव बनाया। विरोध करने पर गाली-गलौज की गई और एक व्यक्ति के सिर पर हाथ में पहने कड़े से वार कर उसे चोट पहुंचाई गई। मामले में बिरेझर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, हसदा नंबर-01 निवासी कोमल पाल 25 अक्टूबर को अपनी बहन के घर जरवायडीह गांव में आयोजित सट्ठी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात करीब 10:30 बजे जब वे घर लौटने के लिए जरवायडीह के बाजार चौक के पास खड़े थे, तभी वहां पहले से मौजूद नूतन पटेल, नारायण पाल और रिंकू पाल ने उन्हें रोक लिया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि तीनों ने कहा कि पहले पैर पकड़कर माफी मांगो, तभी घर जाने देंगे। इसके बाद आरोपियों ने उनकी बहन के लिए अश्लील और आपत्तिजनक गाली-गलौज शुरू कर दी।

विरोध करने पर सिर पर कड़े से वार करने का आरोप

कोमल पाल के अनुसार, जब उन्होंने गाली-गलौज का विरोध किया, तो नारायण पाल ने जान से मारने की धमकी दी और अपने हाथ में पहने कड़े से उनके सिर पर वार कर दिया। इससे उन्हें चोट आई।

तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

शिकायत के आधार पर बिरेझर पुलिस ने नूतन पटेल, नारायण पाल और रिंकू पाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296(b), 3(5) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *