रायपुर। कमिश्नरेट पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार तथा प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी एवं सप्लाई में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने तथा इसमें संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा मुखबिर सक्रिय कर ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है।
इसी कड़ी में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि तेलीबांधा थाना क्षेत्रांतर्गत लाभाण्डी स्थित ब्रम्हदेव नगर के विनायक मेडिकल स्टोर में संचालक एवं उसके एक साथी द्वारा प्रतिबंधित नशीली सिरप की अवैध रूप से बिक्री की जा रही है।
प्राप्त सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) श्री तारकेश्वर पटेल द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों को सूचना की तस्दीक कर तत्काल प्रभावी कार्यवाही करने तथा आरोपियों को प्रतिबंधित नशीली सिरप सहित पकड़ने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट, एण्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स एवं थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सूचना की पुष्टि के लिए मेडिकल स्टोर में मुखबिर भेजकर टेस्ट पर्चेस कराया गया। इस दौरान दुकान में उपस्थित संचालक द्वारा बिना डॉक्टर की पर्ची के प्रतिबंधित नशीली सिरप की बिक्री करना पाया गया। इस पर संयुक्त टीम द्वारा तत्काल मेडिकल स्टोर में रेड कार्यवाही कर संचालक एवं मौके पर मौजूद एक अन्य व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में संचालक ने अपना नाम धीरज कुमार दुबे तथा दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम जीत सिंह सूर्यवंशी उर्फ ज्ञानेन्द्र सिंह बताया।
पुलिस टीम द्वारा मेडिकल स्टोर की तलाशी लेने पर प्रतिबंधित नशीली सिरप कोडिन बरामद हुई। सिरप की बिक्री एवं भंडारण के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके तथा पुलिस टीम को गुमराह करने का प्रयास करते रहे।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 32 शीशी प्रतिबंधित नशीली सिरप कोडिन, कीमत लगभग 12,800/- रूपये जप्त कर आरोपियों के विरुद्ध थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 480/26 धारा 21(सी) नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया।गिरफ्तार आरोपी जीत सिंह सूर्यवंशी उर्फ ज्ञानेन्द्र सिंह पूर्व में भी थाना तेलीबांधा में प्रतिबंधित नशीली सिरप से संबंधित नारकोटिक एक्ट के प्रकरण में जेल निरुद्ध रह चुका है।
पुलिस द्वारा आरोपियों से प्रतिबंधित नशीली सिरप की उपलब्धता, उसके स्रोत, खरीद-बिक्री एवं सप्लाई नेटवर्क के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। प्रकरण में बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज की जांच करते हुए प्रतिबंधित नशीली सिरप की आपूर्ति करने वाले स्रोतों तथा इसकी खरीद-बिक्री एवं सप्लाई में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर इस अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी –
01. धीरज कुमार दुबे पिता निरंजन कुमार दुबे उम्र 48 साल निवासी मकान नम्बर ए 5 आकृति विहार अमलीडीह थाना न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर।
02. जीत सिंह सूर्यवंशी उर्फ ज्ञानेन्द्र सिंह पिता प्रेमसिंह सूर्यवंशी उम्र 29 साल निवासी मकान नम्बर 24, ब्लॉक 11, लाभाण्डी सूरज नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी थाना तेलीबांधा रायपुर।