रायपुर। नवीन मार्केट के पास जुआ खेलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गोलबाजार पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से आदेश के बाद सभी को न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।
पुलिस कमिश्नरेट (मध्य जोन), रायपुर के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर गोलबाजार पुलिस ने जांच की और उसमें शामिल व्यक्तियों की पहचान की। गिरफ्तार किए गए लोगों में मनोज लालवानी निवासी ललिता चौक बढ़ईपारा, प्रदीप चौहान निवासी फूल चौक, चंदू यादव निवासी अश्वनी नगर, रजत बावनकर और जयंत साहू निवासी फूल चौक तथा मोहसिन खान निवासी कमासी पारा शामिल हैं।
पुलिस ने अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सभी छह व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 एवं 126 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद उन्हें विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मजिस्ट्रेट के आदेश पर सभी को केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।