Headlines

​बैलेट पेपर से हुए एमएलसी चुनावों में कांग्रेस का ‘शून्य’ पर सिमटना राहुल गांधी के राजनीतिक पाखण्ड और झूठे नैरेटिव को करारा तमाचा : रूपकुमारी चौधरी

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी ने देश के चार प्रमुख राज्यों में विधान परिषद (एमएलसी) की 28 सीटों पर हुए द्विवार्षिक चुनावों के नतीजों के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। चौधरी ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम), एसआईआर और फर्जी ‘वोट चोरी’ का रोना रोकर देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम करने वाली कांग्रेस की असलियत पूरी तरह बेनकाब हो गई है।

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी ने कहा कि जब चुनाव पूरी तरह मतपत्रों (बैलेट पेपर) के जरिए संपन्न हुए, तब भी कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, बिहार व महाराष्ट्र की 28 सीटों में से एक पर भी कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला और उसका स्कोर फिर से ‘शून्य’ रहा! ​

चौधरी ने सवाल किया कि जब-जब कांग्रेस चुनाव हारती है, तब-तब वह ईवीएम पर सवाल उठाती है, चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा करती है और देश में अविश्वास व अराजकता का माहौल पैदा करने का षड्यंत्र रचती है। अब राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व देश को यह बताएं कि बैलेट पेपर पर लड़े गए इन 28 चुनावों में मिली शर्मनाक पराजय का ठीकरा वे किस पर फोड़ेंगे? क्या अब वे बैलेट बॉक्स, स्याही या कागज बनाने वाली कंपनी पर सवाल उठाएंगे? चौधरी ने ​राज्यवार नतीजों की चर्चा करते हुए कांग्रेस के राजनीतिक खोखलेपन पर तीखा कटाक्ष किया और कहा कि इन चुनावों में स्नातक और शिक्षक मतदाताओं ने हिस्सा लिया, जो समाज का सबसे प्रबुद्ध, जागरूक और शिक्षित वर्ग है। इस वर्ग ने कांग्रेस की भ्रम फैलाने वाली राजनीति को सिरे से खारिज कर दिया है।

भाजपा ​महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि चाहे ईवीएम का ‘बटन’ दबे या बैलेट पेपर पर ‘मोहर’ लगे, जनता का विश्वास केवल और केवल श्री मोदी की नीतियों, गरीब कल्याण और राष्ट्रहित के साथ है। चौधरी ने कहा कि कांग्रेस अपनी संगठनात्मक विफलता, नेतृत्वहीनता और जनविरोधी सोच को स्वीकार करने के बजाय केवल बहानेबाजी की राजनीति करती है। देश की मातृशक्ति, युवा और प्रबुद्ध नागरिक अब कांग्रेस के इस दोहरे चरित्र को पूरी तरह पहचान चुके हैं। कांग्रेस को आत्मनिरीक्षण करना चाहिए कि जब जनता ही उसे नकार चुकी है, तो बहानों की बैसाखी उसे कभी जीत नहीं दिला सकती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *