राजनांदगांव। जिले में तंत्र-मंत्र के जरिए पैसों की बारिश कराने और रकम दोगुनी करने का झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इस दौरान एक महिला से छेड़छाड़ भी की गई। मामले में बोरतलाव पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने ठगी गई 10 हजार रुपये की रकम भी बरामद कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों की पहचान तन्ने खान (60 वर्ष), निवासी बरनाराकला और राधेलाल उइके (63 वर्ष), निवासी बैगाटोला, थाना बोरतलाव, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी राधेलाल उइके ने रकम दोगुनी करने और पैसों की बारिश कराने का झांसा देकर पीड़िता को अपने घर ग्राम बैगाटोला बुलाया था। महिला अपने परिचितों के साथ वहां पहुंची, जिसके बाद राधेलाल ने तन्ने खान को भी बुलाया।
आरोप है कि तन्ने खान महिला को दूसरे कमरे में ले गया और 10 हजार रुपये दोगुने करने के नाम पर अपने पास रख लिए। इसके बाद उसने कथित तौर पर कहा कि रकम तभी दोगुनी होगी, जब महिला पर देवी आएगी। देवी को बुलाने के लिए शारीरिक संबंध बनाने की बात कहकर उसने महिला का हाथ पकड़ लिया और छेड़छाड़ करने लगा। महिला के विरोध करने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़िता ने बोरतलाव थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने रकम बरामद कर दोनों को जेल भेजा
मामले की शिकायत मिलने पर बोरतलाव पुलिस ने अपराध क्रमांक 78/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 74, 75(2) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने ठगी गई 10 हजार रुपये की रकम भी बरामद कर ली। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आदेश के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।