Headlines

आंगनबाड़ी केन्द्रों को कल बंद करने का आदेश

बालोद। संभावित प्राकृतिक आपदा ’अर्नब’ चक्रवात के प्रभावों और भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के संवेदनशील मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार, बच्चों को आंगनबाड़ी केन्द्रों तक पहुँचने में होने वाली संभावित परेशानियों से बचाने के लिए बड़ा निर्णय लिया गया है।


जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में कल 29 अक्टूबर को भी एक दिवस का अवकाश घोषित किया गया है। इससे पहले विगत 28 अक्टूबर को भी अवकाश घोषित किया गया था।

बच्चों के पोषण का रखा गया विशेष ध्यान

छुट्टी के दिन बच्चों के पोषण आहार पर कोई असर न पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन ने अनूठी व्यवस्था की है। 29 अक्टूबर को आंगनबाड़ी केन्द्रों में मिलने वाले पूरक पोषण आहार के तहत, सभी हितग्राहियों को सूखा राशन (टीएचआर) का वितरण किया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं द्वारा घर-घर जाकर गृह भेंट के माध्यम से यह राशन सीधे हितग्राहियों तक पहुँचाया जाएगा।


प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि बच्चों के लिए आंगनबाड़ी केन्द्र भले ही बंद रहेंगे, लेकिन सभी परियोजना कार्यालय यथावत खुले रहेंगे, ताकि प्रशासनिक कामकाज सुचारू रूप से चलते रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *