गिरफ्तार हो गया धमतरी का सबसे बड़ा फ्रॉड विक्रम सिंह शाह

धमतरी। जिले में शेयर मार्केट ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हर महीने 4 प्रतिशत मुनाफा देने का लालच देकर निवेशकों से 3 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने के आरोप में फरार मुख्य आरोपी विक्रम सिंह शाह (37) को मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक टैबलेट और निवेशकों से संबंधित नोटरीकृत इकरारनामे व बैंक चेक जब्त किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी विक्रम सिंह शाह धमतरी कलेक्ट्रेट रोड स्थित अपने ‘वेल्थ ट्रैकर’ कार्यालय के माध्यम से लोगों को शेयर मार्केट और ट्रेडिंग ऐप में रकम निवेश करने पर हर महीने 4 प्रतिशत ब्याज या मुनाफा देने का लालच देता था। निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए वह स्टाम्प पेपर पर नोटरीकृत इकरारनामा तैयार करवाता था और सुरक्षा के तौर पर बैंक चेक भी देता था।

इसी झांसे में आकर बालोद जिले के गुरूर निवासी 62 वर्षीय शिवकुमार साहू और उनके परिजनों ने आरोपी के पास 25 लाख रुपये निवेश किए। आरोप है कि शुरुआती कुछ महीनों तक मुनाफे का भरोसा बनाए रखने के बाद आरोपी ने मूलधन और लाभ की राशि लौटाना बंद कर दिया और रकम लेकर फरार हो गया।

कई निवेशकों से करोड़ों रुपये लेने का खुलासा

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी ने कई निवेशकों से बड़ी रकम एकत्र की थी। अब तक की जांच के अनुसार, कुल धोखाधड़ी की रकम 3 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, प्रमुख पीड़ितों में संगीता सिन्हा से 81 लाख रुपये, अंबिका प्रसाद सोनवानी से 60 लाख रुपये, भूषण सिन्हा से 28 लाख रुपये, चेतन सिन्हा से 16 लाख रुपये और प्रभुलाल सिन्हा से 12 लाख रुपये की रकम शामिल है। अन्य निवेशकों से संबंधित मामलों की भी जांच की जा रही है।

तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना से पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। टीम तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करने के साथ आरोपी की लोकेशन का पता लगाने में जुटी थी। इसी दौरान आरोपी के मध्यप्रदेश के इंदौर में होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी विक्रम सिंह शाह को 29 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया।

रायपुर में रह रहा था आरोपी

गिरफ्तार आरोपी विक्रम सिंह शाह, पिता हरभजन सिंह, मूल रूप से धमतरी के हटकेशर स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का निवासी है। उसका वर्तमान पता रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित अमलीडीह के क्लासिक टॉवर में बताया गया है।

पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की प्रक्रिया में जुटी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि निवेशकों से प्राप्त करोड़ों रुपये कहां और किन माध्यमों से हस्तांतरित किए गए। पुलिस इस मामले में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता, संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *