ऑटो में उल्टी का बहाना, यात्री की जेब से 21 हजार चोर, अब गैंग पकड़ाया

रायपुर। राजधानी में ऑटो में सवारी बनकर यात्री की जेब से रुपये चोरी करने वाले दो आरोपियों को खमतराई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने उल्टी करने का बहाना बनाकर यात्री का ध्यान भटकाया और उसकी जेब से 21 हजार रुपये चोरी कर लिए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 17,500 रुपये और वारदात में इस्तेमाल ऑटो जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित हासीम खान निवासी गाजीनगर, बीरगांव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 अक्टूबर 2026 को वह रायपुर जाने के लिए गाजीनगर गेट के पास से एक ऑटो में सवार हुआ था। ऑटो में पहले से दो लोग बैठे थे। जब ऑटो व्यास तालाब चौक के पास पहुंचा, तो एक आरोपी ने उल्टी करने का बहाना बनाकर उसका ध्यान भटका दिया। इसी दौरान दूसरे आरोपी ने उसकी जेब से 21 हजार रुपये निकाल लिए।

मामले की शिकायत मिलने के बाद खमतराई पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा संदिग्ध ऑटो की तलाश की।

29 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध ऑटो क्रमांक CG07 T 2800 भनपुरी चौक से टाटीबंध की ओर जा रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ऑटो को रोक लिया। उसमें सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने चोरी की घटना स्वीकार की।

17,500 रुपये और ऑटो जब्त

पुलिस ने आरोपियों की पहचान सोमनाथ शुक्ला (33 वर्ष), निवासी मूल रूप से उत्तर प्रदेश और वर्तमान निवासी दुर्ग, तथा हरदीप सिंह (38 वर्ष), निवासी भिलाई के रूप में की है। सोमनाथ के पास से 9 हजार रुपये और हरदीप सिंह के पास से 8,500 रुपये बरामद किए गए। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल ऑटो भी जब्त किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 1119/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 3(5) में मामला दर्ज किया है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *