मुर्गा दुकान पर ग्राहक से भिड़ा दुकानदार, गुस्से में पैर काटने की कोशिश, गिरफ्तार

रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र में मुर्गा जल्दी देने की बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दुकानदार ने युवक पर मुर्गा काटने वाले लोहे के कत्ते से हमला कर दिया। हमले में युवक के बाएं पैर के तलवे में चोट आई है। मामले में तमनार पुलिस ने आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कठरापाली निवासी मुकेश रात्रे (19 वर्ष) 23 अक्टूबर की रात 8 बजे अपने दोस्त मुकेश पैकरा के साथ गांव की कृष्णा सोनी की मुर्गा दुकान पर मुर्गा खरीदने गया था। इस दौरान युवक ने दुकानदार से मुर्गा जल्दी देने की बात कही। इसी बात पर दुकान में मुर्गा काटने का काम करने वाला अर्जुन सोनी नाराज हो गया।

आरोप है कि अर्जुन सोनी ने युवक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगा। इस दौरान मुकेश रात्रे जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपी ने मुर्गा काटने वाले लोहे के कत्ते से उसके बाएं पैर के तलवे पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।

घटना के बाद पीड़ित ने 24 अक्टूबर को थाना तमनार में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घायल युवक का मेडिकल परीक्षण कराया। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी अर्जुन सोनी (62 वर्ष), निवासी ग्राम कठरापाली, के खिलाफ अपराध क्रमांक 266/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 115(2) और 118(1) में मामला दर्ज किया गया। तमनार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *