राजनांदगांव। जिले के पुलिस चौकी चिचोला क्षेत्र के ग्राम तेलीटोला में घर के सामने कार खड़ी करने की बात को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपने रिश्ते के साले को पुलिस बुलाने पर देख लेने की धमकी दी। मामले में चिचोला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम तेलीटोला निवासी कुलदीप वर्मा (40 वर्ष) ने पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका जीजा संतोष कुमार वर्मा (49 वर्ष) घर के सामने कार खड़ी करने की बात को लेकर आए दिन विवाद करता है। आवेदक ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने विवाद करते हुए पुलिस बुलाने पर देख लेने की धमकी दी।
मामले में विवाद बढ़ने और क्षेत्र में शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस चौकी चिचोला ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने संतोष कुमार वर्मा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।