यूपी। रायबरेली में 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पूर्व प्रेमी रौनक यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच पहले प्रेम संबंध थे, लेकिन ब्रेकअप के बाद किशोरी के दूसरे लड़कों से बातचीत करने को लेकर आरोपी नाराज था। इसी रंजिश में उसने कथित तौर पर छात्रा की हत्या कर शव नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छात्रा के कंकाल के अवशेष, हत्या में इस्तेमाल चाकू और दुपट्टा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, किशोरी बैसवारा इंटर कॉलेज में कक्षा 11वीं की छात्रा थी। वह अपनी मां के साथ लालगंज के साकेत नगर में रहती थी, जबकि उसके पिता गुजरात में रहते हैं। बीती 16 अक्टूबर की शाम करीब 5:30 बजे वह अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद 19 अक्टूबर को उसकी मां ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी रौनक यादव और किशोरी एक ही विद्यालय में पढ़ते थे। पहले दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई और बाद में नजदीकियां बढ़ गईं। कुछ समय बाद दोनों का ब्रेकअप हो गया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि किशोरी के दूसरे लड़कों से बातचीत करने को लेकर उनके बीच विवाद होता था।
पुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर को आरोपी किशोरी को बैसवारा इंटर कॉलेज के पास से बाइक पर बैठाकर ऐहार स्थित बाल्हेश्वर मंदिर ले गया था। वहां दूसरे लड़कों से बातचीत को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद आरोपी उसे दतौली गांव के पास नहर की पटरी पर ले गया। आरोप है कि वहां उसने किशोरी के दुपट्टे से गला घोंट दिया और फिर चाकू से गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया।
सहेली के सुराग से खुला हत्या का मामला
किशोरी की तलाश के दौरान पुलिस ने उसके स्कूल और सहेलियों से पूछताछ की। इसी दौरान एक सहेली ने बताया कि उसने किशोरी को पूरे नया मजरे मटेहना निवासी रौनक यादव के साथ जाते देखा था। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि शुरुआत में वह गुमराह करता रहा, लेकिन बाद में उसने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस नहर किनारे झाड़ियों तक पहुंची, जहां कई दिन तक पड़े रहने के कारण शव कंकाल में तब्दील हो चुका था। परिजनों ने कपड़ों और चप्पलों के आधार पर किशोरी की पहचान की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह के अनुसार, छात्रा की हत्या के मामले में आरोपी रौनक यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल दुपट्टा और चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।