महिला अपनी शादीशुदा बेटी के अफेयर का करती थी सपोर्ट, दामाद ने मार डाला

बिहार। राजधानी पटना में 55 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने उसके दामाद मुकेश कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को शक था कि उसकी सास उर्मिला देवी उसकी पत्नी को उसके कथित प्रेमी से मिलने में मदद करती थी। इसी शक को हत्या की वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

मामला पटना के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में चैली रोड के पास का है। जानकारी के अनुसार, अस्पताल में काम करने वाली उर्मिला देवी की 29 अक्टूबर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के लिए सचिवालय-01 एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस के अनुसार, जांच और गुप्त सूचना के आधार पर मुकेश कुमार पर संदेह गहराया। बताया जा रहा है कि आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम संबंध है और उसकी सास पत्नी को उससे मिलने में मदद करती है। पुलिस इस आशंका को हत्या की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है।

जांच के दौरान पुलिस ने मुकेश कुमार के फ्लैट पर छापा मारा। तलाशी में वहां से 21 कारतूस और एक चाकू बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने 30 अक्टूबर की देर रात करीब 1:30 बजे खगौल थाना क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, मुकेश कुमार का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही, हत्या की वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका होने की आशंका को ध्यान में रखते हुए भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की जानकारी पुलिस जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *