रायगढ़। सार्वजनिक स्थान पर कार सवार युवती पर अशोभनीय टिप्पणी करना एक ऑटो चालक को भारी पड़ गया। युवती की शिकायत पर थाना कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर को 22 वर्षीय युवती अपने पति के साथ पूंजीपथरा से परीक्षा दिलाने रायगढ़ आई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद शाम करीब 4:50 बजे दोनों कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान होटल ट्रिनिटी के पास मुख्य मार्ग पर जाम होने के कारण उन्होंने अपनी कार रोकी और शीशा नीचे किया।
आरोप है कि इसी दौरान ऑटो क्रमांक CG 13 BC 8268 का चालक कार के पास पहुंचा और युवती की ओर इशारा करते हुए अशोभनीय टिप्पणी करने लगा। इससे आहत युवती ने थाना कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी ने धारा 79 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। ऑटो के पंजीयन नंबर के आधार पर पुलिस ने चालक की पहचान उमाशंकर साहू (37 वर्ष), पिता टीकम साहू, निवासी राजीव नगर कोतरारोड, रायगढ़ के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी, अशोभनीय व्यवहार और छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।