राजनांदगांव में बड़ी चोरी का खुलासा, 14 दिन के भीतर 4 चोर गिरफ्तार

राजनांदगांव। जिले के घुमका थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने 14 दिनों के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, 25 हजार रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल किए गए चार मोबाइल फोन सहित कुल करीब 1 लाख 35 हजार रुपये का सामान बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, छोटे टेमरी निवासी देवशरण साहू ने 18 अक्टूबर 2026 को थाना घुमका में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर की रात वह परिवार के साथ गांव में आयोजित कार्यक्रम देखने गए थे। वापस लौटने पर घर के कमरे और अलमारी का ताला टूटा मिला। अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी रकम गायब थी। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 137/2026, धारा 303(2) एवं 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के साथ तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान कुछ स्थानीय लोगों पर संदेह होने पर उनसे पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस के मुताबिक, प्रकाश कुमार, तामेश्वर पटेल और लोकेश्वर साहू ने आर्थिक लाभ के लिए मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद चोरी के माल के संबंध में अपने साथी इमरान खान से संपर्क किया। चारों आरोपियों ने चोरी के सामान और नकदी का आपस में बंटवारा कर लिया था।

गिरफ्तार आरोपी

  1. प्रकाश कुमार यादव (24 वर्ष), निवासी छोटे टेमरी।
  2. तामेश्वर पटेल (32 वर्ष), निवासी छोटे टेमरी।
  3. लोकेश्वर साहू (30 वर्ष), निवासी छोटे टेमरी।
  4. इमरान खान (39 वर्ष), निवासी गोपालपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *