रायपुर। दीपावली पर बिक्री के लिए आवासीय कमरे में अवैध रूप से पटाखे तैयार किए जाने का मामला सामने आया है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के गोलबाजार थाना क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तैयार एवं अर्धनिर्मित पटाखों के साथ निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और संबंधित कमरे को सील कर दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आज 1 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गणेश राम नगर स्थित शिव शक्ति फटाका दुकान का संचालक दुकान के ऊपर बने आवासीय कमरे में अन्य लोगों को बुलाकर दीपावली में बिक्री के लिए अवैध रूप से पटाखे तैयार करवा रहा है।
सूचना के आधार पर एसडीएम कार्यालय, नगर निगम के जोनल कमिश्नर और पर्यावरण अधिकारी के कार्यालय की संयुक्त टीम ने गोलबाजार थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्णा साहू के नेतृत्व में मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान कमरे में ‘टॉप टाइगर’ (TOP TIGER) नाम के पटाखे तैयार किए जाते मिले।
कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से पांच कार्टन तैयार पटाखे, बोरियों और कार्टन में रखे अर्धनिर्मित पटाखे तथा पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाला एल्यूमिनियम पाउडर जब्त किया। पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बरामद सामग्री पटाखा निर्माण में प्रयुक्त होने वाली कम विस्फोटक श्रेणी की सामग्री है। संयुक्त टीम ने संबंधित कमरे को सील कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने श्याम लाल ठाकुर (76 वर्ष), निवासी गणेश राम नगर, वर्तमान पता गांधी नगर, अमलीडीह, रायपुर और दीपक ठाकुर (57 वर्ष), निवासी कालीनगर, पंडरी, रायपुर के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9B(1)(a) तथा भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 288 के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।