राजनांदगांव। आपसी विवाद के चलते अपने ही भाई पर बेसबॉल के डंडे से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को चिखली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया बेसबॉल का डंडा और एक चाकू भी जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से मारपीट, आर्म्स एक्ट और आबकारी एक्ट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को प्रार्थी ने पुलिस चौकी चिखली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह शाम करीब 5 बजे अपने गांव की किराना दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान उसका भाई गुलशन ताम्रकार वहां पहुंचा और गांव के एक युवक के साथ हुए विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगा।
इसके बाद आरोपी ने जान से मारने की नीयत से अपने पास रखे बेसबॉल के डंडे से प्रार्थी के सिर, माथे और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार कर उसे घायल कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने अपने पास रखे चाकू को लहराकर उसे डराया और जान से मारने की धमकी भी दी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चौकी चिखली पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में ग्राम बोरी रवाना हुई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गांव के बाहरी इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक बेसबॉल का डंडा और एक चाकू जब्त किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आदेशानुसार उसे जेल दाखिल करा दिया गया।