Headlines

महादेव ऐप सट्टेबाजी के मास्टरमाइंड सौरभ चंद्रकार को आज रायपुर कोर्ट में पेश करेगी CBI की टीम

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को बड़ी सफलता मिली है। सट्टेबाजी नेटवर्क के प्रमोटर और प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित कर लाया गया है। आज उसे रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया जाएगा। CBI के अनुसार, सौरभ चंद्राकर के खिलाफ दो मामलों में आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं।

इसके अलावा, प्रवर्तन निदेशालय (ED) के मामले में भी उसके खिलाफ अभियोजन शिकायत दर्ज है। जांच एजेंसी के मुताबिक, इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर ओमान की रॉयल पुलिस ने सौरभ चंद्राकर का पता लगाकर उसे हिरासत में लिया था। इसके बाद CBI और ED ने भारतीय अधिकारियों के माध्यम से उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की। CBI की विशेष टीम उसे ओमान से भारत लेकर आई है।

CBI की जांच में आरोप है कि महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेलों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी कराई जाती थी। इस नेटवर्क का संचालन विदेश से किए जाने और सट्टेबाजी से प्राप्त रकम को विभिन्न बैंक खातों के जरिए दूसरे देशों में भेजने के आरोप भी हैं।

जांच एजेंसी के अनुसार, इस मामले में कथित वित्तीय लेनदेन और सरकारी अधिकारियों को संरक्षण राशि दिए जाने के आरोपों की भी जांच की गई है। अब रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेशी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *