दुर्ग। जिले में अवैध ब्याज वसूली और धमकी देने के मामले में वैशाली नगर पुलिस ने फरार मुख्य आरोपी सीमा यादव (39) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जरूरतमंद लोगों को रकम उधार देकर 40 प्रतिशत प्रतिमाह तक ब्याज वसूलती थी। सुरक्षा के नाम पर ब्लैंक चेक और कोरे स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर कराकर रखने तथा रकम नहीं देने पर धमकी देने की शिकायत भी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी को आज गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया। इस मामले में तीन अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
वैशाली नगर निवासी प्रार्थिया पूनम मनोज कुमार ने 27 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, आर्थिक परेशानी के चलते उन्होंने 16 दिसंबर 2024 को सीमा यादव से 50 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि इसके बदले 40 प्रतिशत प्रतिमाह ब्याज की मांग की गई और सुरक्षा के नाम पर इंडियन बैंक के आठ ब्लैंक चेक तथा हस्ताक्षर किए हुए कोरे स्टाम्प पेपर रख लिए गए।
प्रार्थिया ने आरोप लगाया कि उन्होंने 29 सप्ताह तक प्रति सप्ताह 2,500 रुपये के हिसाब से कुल 72,500 रुपये का भुगतान किया। इसके बावजूद उनसे अतिरिक्त रकम की मांग की जाती रही। रकम नहीं देने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने तथा नुकसान पहुंचाने की धमकी दिए जाने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थिया की सहेली सुमिता ताम्बोली को भी एक लाख रुपये उधार दिलाए गए थे। शिकायत में आरोप लगाया गया कि इसके बदले 28 सप्ताह तक प्रति सप्ताह पांच हजार रुपये के हिसाब से कुल 1 लाख 40 हजार रुपये का भुगतान कराया गया। सुरक्षा के नाम पर उनके भी इंडियन बैंक के आठ ब्लैंक चेक रखे गए थे।
शिकायत के अनुसार, रकम देने के बाद भी फोन पर गाली-गलौज और धमकी देने का सिलसिला जारी रहा। प्रार्थिया ने आरोप लगाया कि उन्हें जान से मारने, उनकी बेटी की हत्या करने और घर से बेघर करने की धमकी देकर प्रताड़ित किया जाता था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों से कुल 3 लाख 79 हजार 900 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा विभिन्न बैंकों के ब्लैंक चेक, कोरे स्टाम्प पेपर और ब्याज के लेन-देन से संबंधित हिसाब-किताब की डायरियां भी जब्त की गईं।
पुलिस के अनुसार, बबली साहू उर्फ बबली निरंजन के कब्जे से 99,900 रुपये नकद और अन्य सामग्री बरामद हुई। वहीं, सीमा यादव के मकान की तलाशी में 2 लाख 80 हजार रुपये नकद, हिसाब-किताब की डायरी, कोरे चेक और स्टाम्प पेपर मिले। आरोपी ज्योति निरंजन के कब्जे से भी ब्याज संबंधी हिसाब-किताब की डायरी बरामद की गई।
वैशाली नगर पुलिस ने इस मामले में पहले बबली साहू उर्फ बबली निरंजन, ज्योति निरंजन और प्रमोद साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा था। मुख्य आरोपी सीमा यादव की तलाश की जा रही थी। पुलिस ने उसे आज गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
इस मामले में थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 402/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 308(5), 3(5) और कर्ज एक्ट की धारा 4 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।