Headlines

जीजा के घर लाखों की चोरी, जुए की लत ने बनाया चोर, सगा साला गिरफ्तार

रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपने ही सगे जीजा के सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ऑनलाइन जुआ खेलने का आदी था और उस पर काफी कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने चोरी की योजना बनाई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 37 लाख रुपये कीमत के 25 तोला सोने के जेवरात बरामद किए हैं।

आरोपी की पहचान प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय (31 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से महासमुंद जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के टिकरापारा क्षेत्र स्थित प्रिंस कॉलोनी में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अनिल शर्मा कृषि विभाग में तकनीकी विशेषज्ञ के पद पर कोंडागांव में पदस्थ हैं और अपने परिवार के साथ वहीं रहते हैं। रायपुर के लक्ष्मी नगर स्थित उनके मकान में पहली और दूसरी मंजिल पर उनके माता-पिता तथा बड़े भाई का परिवार रहता है, जबकि तीसरी मंजिल पर उनका परिवार रहता है।

28 अक्टूबर को मकान की साफ-सफाई के बाद महिला कर्मचारी ताला लगाकर चाबी अनिल शर्मा की मां सुमित्रा शर्मा को सौंपकर चली गई थी। इसके बाद 30 अक्टूबर की सुबह उनकी मां ने फोन कर मकान के मुख्य दरवाजे का ताला कटा होने और चोरी की जानकारी दी।

रायपुर पहुंचकर अनिल शर्मा ने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। कमरे में रखी अलमारी और लॉकर भी टूटे मिले। अलमारी से सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों के साथ नकदी भी गायब थी। इसके बाद उन्होंने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक रजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति मकान की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश करता और सीढ़ियों से ऊपर जाता दिखाई दिया। जांच के दौरान उसकी पहचान प्रार्थी के साले प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय के रूप में हुई।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने शुरुआत में गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी कुछ दिन पहले अपनी बहन के साथ जीजा के घर दो दिन तक रुका था। इसी दौरान उसे अलमारी में सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों के साथ नकदी रखे होने की जानकारी मिली थी। उसे यह भी पता था कि उसकी बहन कोंडागांव चली गई है और मकान सूना है।

आरोप है कि आरोपी ने मौके पर पहुंचकर दीवार फांदी और तीसरी मंजिल पर जाकर छोटे ग्राइंडर की मदद से दरवाजे की कुंडी तथा ताला तोड़ा। इसके बाद अलमारी का लॉकर तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी कर ली। पुलिस के मुताबिक, संदेह से बचने के लिए उसने कुछ आभूषण वहीं छोड़ दिए और कपड़ों को व्यवस्थित कर दिया था।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 37 लाख रुपये कीमत के 25 तोला सोने के जेवरात बरामद किए हैं। मामले में थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 1004/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ऑनलाइन जुआ खेलने की लत और कर्ज चुकाने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *