जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम रनपुर में चरित्र शंका को लेकर पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी पति ने अपनी पहली पत्नी के साथ विवाद करते हुए टांगी के पासा से पीठ पर वार किया और फिर घर के बाहर ले जाकर डंडे से बेरहमी से मारपीट की। घटना के बाद आरोपी पत्नी को इलाज कराने के बहाने बोलेरो वाहन से ले गया। अगले दिन सुबह महिला वाहन की बीच वाली सीट पर मृत अवस्था में मिली। मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टांगी, डंडा और बोलेरो वाहन भी जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रनपुर निवासी रोशन कुमार (20 वर्ष) ने 8 नवंबर को बगीचा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसके पिता कोलो राम (43 वर्ष) ग्राम लरंगा के बालक छात्रावास में प्रभारी छात्रावास अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। करीब एक वर्ष पहले आरोपी ने एक अन्य महिला को पत्नी बनाकर अपने साथ रखना शुरू कर दिया था। इसके बाद वह दूसरी पत्नी के साथ पंडरापाठ क्षेत्र में रहने लगा था।
इधर, रोशन कुमार अपनी मां इन्द्रमुनी और भाई के साथ ग्राम रनपुर में रहता था। आरोप है कि जब भी कोलो राम गांव आता था, तब वह अपनी पहली पत्नी इन्द्रमुनी पर चरित्र को लेकर शक करते हुए विवाद और मारपीट करता था।
रिपोर्ट के मुताबिक, 7 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे आरोपी कोलो राम ग्राम रनपुर पहुंचा और दरवाजा खुलवाकर घर के अंदर घुस गया। इसके बाद वह पत्नी इन्द्रमुनी के कमरे में पहुंचा और चरित्र शंका को लेकर गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान उसने जान से मारने की धमकी देते हुए घर में रखे टांगी के पासा से पत्नी की पीठ पर दो बार वार कर दिया।
इसके बाद आरोपी महिला को घर से बाहर खींचकर ले गया और गांव में पड़ोसियों के घर के सामने डंडे से उसकी पिटाई करने लगा। प्रार्थी और आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर महिला को आरोपी से छुड़ाया, लेकिन आरोपी वहां से पंडरापाठ चला गया।
मारपीट के कारण इन्द्रमुनी की पीठ और हाथ सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई थीं। इसके बाद बेटे और छोटे भाई ने मां को उठाकर रंगपुर स्थित अपने घर पहुंचाया और आराम करने के लिए सुला दिया।
कुछ समय बाद आरोपी कोलो राम वापस आया और पत्नी को उपचार कराने के लिए बोलेरो वाहन से ले जाने की बात कही। इसके बाद वह रात में महिला को लेकर चला गया। रात करीब 4 बजे आरोपी फिर रनपुर स्थित घर पहुंचा। सुबह लगभग 6 बजे रोशन कुमार ने घर के पास खड़ी बोलेरो का दरवाजा खोलकर देखा तो उसकी मां वाहन की बीच वाली सीट पर मृत अवस्था में पड़ी थी। इस दौरान आरोपी पिता आसपास मौजूद नहीं था।
घटना की रिपोर्ट पर थाना बगीचा पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम कराया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी पति कोलो राम को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगी, डंडा और बोलेरो वाहन जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध अपराध में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी: कोलो राम (43 वर्ष), निवासी ग्राम रनपुर, थाना बगीचा, जिला जशपुर। आरोपी ग्राम लरंगा के बालक छात्रावास में प्रभारी छात्रावास अधीक्षक के रूप में कार्यरत था।