Headlines

भाई की हरकत से बहन हुई विधवा, नशे में दामाद का किया मर्डर

कोरबा। जिले के ग्राम सलका से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। शराब के नशे में हुए आपसी विवाद के दौरान एक युवक ने अपने ही जीजा की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने मुक्कों और हाथ में पहने लोहे के कड़े से जीजा पर ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी साले को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सलका गांव के बसोर पारा निवासी जितेंद्र बसोर और उसके 20 वर्षीय साले सन्नी के बीच रात करीब 8 बजे किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान दोनों शराब के नशे में थे। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आकर सन्नी ने जितेंद्र पर हमला कर दिया। उसने मुक्कों और हाथ में पहने लोहे के कड़े से उस पर कई वार किए। हमले में जितेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल जितेंद्र को जिला अस्पताल बैकुंठपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

वारदात के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी सन्नी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। घटना से आक्रोशित मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण बुधवार सुबह सिटी कोतवाली थाने पहुंचे। उन्होंने मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की भी जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *