Headlines

Raigarh : पटाखा फोड़ने को लेकर विवाद, युवक के घर में घुसकर मारपीट और अपहरण करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। दीपावली की रात पटाखा फोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद अगले दिन मारपीट और जबरन युवक को कार में ले जाने तक पहुंच गया। मामले में रायगढ़ कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी अरुण शर्मा (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। फरार चल रहे आरोपी ने पुलिस की लगातार दबिश और बढ़ते दबाव के बीच न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। पुलिस ने न्यायालय से एक दिन का रिमांड लेकर पूछताछ की और घटना में इस्तेमाल सफेद रंग की ऑल्टो कार समेत अन्य सामान जब्त किया है। इस मामले में एक अन्य आरोपी दीप अग्रवाल को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस के अनुसार, घटना की शुरुआत 8 नवंबर 2026 की रात करीब 11 बजे सिग्नल चौक के पास हुई थी। हण्डी चौक निवासी 18 वर्षीय निमिश अग्रवाल अपने साथी आकर्ष शर्मा के साथ पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद हनी अग्रवाल, अरुण शर्मा, लक्ष्य शुक्ला और अन्य युवकों ने कमेंट करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हनी अग्रवाल और अरुण शर्मा ने निमिश के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे आकर्ष शर्मा के सिर पर अरुण शर्मा ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से वार कर दिया।

विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। 9 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे जब निमिश अपने घर में सो रहा था, तभी अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल, लक्ष्य शुक्ला और दीप अग्रवाल सफेद रंग की ऑल्टो कार से उसके घर पहुंचे। आरोपियों ने कथित तौर पर जबरन घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान अरुण शर्मा ने अपना जूता निकालकर निमिश के सिर पर मारा और जान से मारने की धमकी दी।

इसके बाद आरोपी निमिश को जबरन कार में बैठाकर बोईरदादर स्टेडियम के आगे एचपी गैस एजेंसी के पास ले गए, जहां उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। आरोप है कि इस पूरी घटना का वीडियो हनी अग्रवाल ने बनाया। बाद में आरोपी निमिश को हण्डी चौक के पास छोड़कर फरार हो गए।

पीड़ित निमिश अग्रवाल की शिकायत पर 9 नवंबर को कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 660/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

विवेचना के दौरान 12 नवंबर को आरोपी दीप अग्रवाल (26 वर्ष), निवासी विकास नगर, कोतरारोड़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। वहीं फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस की कार्रवाई के दबाव में मुख्य आरोपी अरुण शर्मा ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।

कोतवाली पुलिस ने आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की। इस दौरान वारदात में इस्तेमाल सफेद रंग की ऑल्टो कार क्रमांक CG 13 AS 1381, एक मोबाइल फोन, स्टील का कड़ा और जूता जब्त किया गया। कार्रवाई के बाद आरोपी को दोबारा न्यायालय में पेश कर जेल दाखिल कराया गया।

पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य फरार आरोपियों हनी अग्रवाल और लक्ष्य शुक्ला की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *