Headlines

कांग्रेस ने केवल एक परिवार की वंदना के कारण स्वतंत्रता संग्राम में शहीद हुए आदिवासी नायकों की उपेक्षा की : भाजपा

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर कांग्रेस पार्टी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। ठाकुर ने कहा कि पूरा देश जनजाति गौरव दिवस मना रहा है, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने कहीं भी आदिवासी समाज को इस दिवस की बधाई नहीं दी। ठाकुर मंगलवार को यहाँ एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ठाकुर ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत का उल्लेख करते हुए कहा कि वे स्वयं भगवान बिरसा मुण्डा की धरती (झारखण्ड) से आते हैं, इसके बावजूद उन्होंने जनजाति समाज को जनजाति गौरव दिवस की शुभकामनाएं नहीं दीं। ठाकुर ने कहा कि स्वाधीनता संग्राम में आजादी से 100 वर्ष पूर्व से ही आदिवासी समाज के वीर सपूतों ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी और अपने प्राणों की आहुति दी, लेकिन इतिहास के पन्नों में उन्हें अपेक्षित सम्मान नहीं मिल सका। कांग्रेस ने केवल एक परिवार की वंदना के कारण स्वतंत्रता संग्राम में शहीद हुए आदिवासी नायकों की उपेक्षा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजाति वर्ग के नायकों को सम्मान देने का बीड़ा उठाया और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजाति गौरव दिवस’ के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया।

इसके माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा, छत्तीसगढ़ के परलकोट के शहीद गेंद सिंह नायक और शहीद वीर नारायण सिंह सहित सभी आदिवासी बलिदानियों को श्रद्धांजलि और सम्मान देने का कार्य किया जा रहा है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ठाकुर ने कहा कि आदिवासी समाज को मुख्यधारा में आगे लाने और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भाजपा सरकार प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति के रूप में द्रौपदी मुर्मू का निर्वाचन, ओड़िशा में मोहनचरण माँझी और छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री बनाकर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजाति समाज का मान बढ़ाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *