Headlines

11 भैंसों की जान बचाई पुलिस ने, जशपुर में तस्करी नाकाम

जशपुर। जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोनक्यारी चौकी क्षेत्र के सरडीह गांव के जंगल में अवैध रूप से 11 भैंसों को पैदल हांककर ले जा रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अन्य आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने सभी 11 भैंसों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराकर सुरक्षित बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर को ग्राम बलादरपाठ निवासी एक ग्रामीण ने चौकी सोनक्यारी में सूचना दी कि ग्राम सरडीह के पास जंगल के रास्ते कुछ संदिग्ध लोग बड़ी संख्या में भैंसों को मारते-पीटते हुए पैदल ले जा रहे हैं। ग्रामीण को गतिविधि संदिग्ध लगी और उसने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही सोनक्यारी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जंगल के रास्ते घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने देखा कि तीन व्यक्ति 11 भैंसों को हांककर ले जा रहे थे। पुलिस को देखकर तीनों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।

रुपये का लालच देकर भैंसों को पहुंचाने की मिली थी जिम्मेदारी

पकड़े गए आरोपियों की पहचान शिवनारायण यादव (55 वर्ष) और कपिलदेव यादव (23 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम बरपाठ, चौकी सोनक्यारी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ये भैंसें थाना आस्ता क्षेत्र के एक व्यक्ति की हैं। उस व्यक्ति ने रुपये देने का लालच देकर उन्हें भैंसों को ग्राम सरडीह के जंगल के रास्ते ग्राम खमली, थाना आस्ता तक पहुंचाने के लिए कहा था।

पुलिस ने जब भैंसों को ले जाने के वैध दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी 11 भैंसों को बरामद कर सुरक्षित मुक्त कराया और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

फरार आरोपी की पहचान, तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही के आधार पर इस मामले में शामिल थाना आस्ता क्षेत्र के एक अन्य आरोपी की पहचान कर ली है। वह घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

इस मामले में चौकी सोनक्यारी में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 और बीएनएस की धारा 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *