पाकिस्तान। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक बार फिर कश्मीर मुद्दे को लेकर बयान दिया है। लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट के एनकाउंटर के दिन ही उन्होंने कहा कि पाकिस्तान कश्मीरियों को अपना नैतिक और राजनयिक समर्थन देता रहेगा। उनका कहना है कि यह समर्थन तब तक जारी रहेगा, जब तक कश्मीरियों को संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के अनुरूप आत्मनिर्णय का अधिकार नहीं मिल जाता।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने शहबाज शरीफ के भाषण का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। इसमें शहबाज शरीफ के हवाले से कहा गया, “मैं कब्जे वाले कश्मीर के शहीदों और जेलों में कठिनाइयां झेल रहे कश्मीरी नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। पाकिस्तान कश्मीरियों को अपना नैतिक और राजनयिक समर्थन तब तक देता रहेगा, जब तक कि उन्हें संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के अनुसार आत्मनिर्णय का अधिकार नहीं मिल जाता है।”
शहबाज शरीफ का यह बयान ऐसे समय आया है, जब जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों की कार्रवाई को लेकर चर्चा हो रही है। पाकिस्तान लगातार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कश्मीर का मुद्दा उठाता रहा है और संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों का हवाला देता रहा है।
वहीं, भारत का रुख इस मुद्दे पर स्पष्ट रहा है। भारत जम्मू-कश्मीर को अपना अभिन्न हिस्सा मानता है और कश्मीर को भारत का आंतरिक मामला बताता रहा है। भारत ने पाकिस्तान के कश्मीर पर किसी भी तरह के दावे और हस्तक्षेप को लगातार खारिज किया है।