Headlines

रायपुर में 28 नवंबर को होगा ISEI ग्लोबल एक्सीलेंस अवार्ड 2026

रायपुर। इंस्टीट्यूशन ऑफ सेफ्टी इंजीनियर्स (इंडिया) की ओर से 28 नवंबर 2026 को रायपुर के होटल ग्रैंड इम्पेरिया में ‘ISEI ग्लोबल एक्सीलेंस अवार्ड 2026’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कार्यस्थल सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन और सतत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों, पेशेवरों, संगठनों और संस्थानों को सम्मानित किया जाएगा।

संस्था के सह निदेशक डॉ. एम.एस. नवाज ने बताया कि इस समारोह में सुरक्षा, पर्यावरण और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पेशेवरों को सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, पेशेवर उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करना और दुर्घटनाओं की रोकथाम के साथ पर्यावरण संरक्षण तथा आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करना है।

यह पुरस्कार समारोह छह प्रमुख श्रेणियों में आयोजित होगा। इनमें सुरक्षा एवं स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं स्थिरता, आपदा प्रबंधन, गुणवत्ता एवं EHSQ, नेतृत्व एवं नवाचार तथा अनुसंधान एवं नवाचार शामिल हैं।

कार्यक्रम की मुख्य थीम “दुर्घटना रोकथाम की ओर हरित पर्यावरण | सुरक्षित समुदाय” रखी गई है। इसके माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाने, आपदा जोखिम कम करने और आपदाओं का सामना करने में सक्षम समुदायों के निर्माण पर जोर दिया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, यह कार्यक्रम उद्योगों, बुनियादी ढांचा परियोजनाओं, शैक्षणिक संस्थानों और समुदायों में सुरक्षा की बेहतर संस्कृति विकसित करने के लिए एक मंच प्रदान करेगा। साथ ही इसमें पेशेवर अनुभवों को साझा करने, तकनीकी नवाचार और अनुसंधान को बढ़ावा देने तथा सुरक्षित कार्यस्थलों और टिकाऊ समुदायों के निर्माण के नए तरीकों पर चर्चा का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *