Headlines

तेज रफ्तार ट्रकों ने तोड़े बिजली विभाग के 4 पोल, विद्युत लाइन भी क्षतिग्रस्त, दो ड्राइवर गिरफ्तार

दुर्ग। जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण विद्युत विभाग की सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विद्युत पोल और बिजली लाइन को क्षतिग्रस्त करने वाले दोनों ट्रक चालकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों घटनाएं 20 नवंबर 2026 को चरोदा क्षेत्र में हुई थीं। पहली घटना हनुमान मंदिर क्रॉसिंग के पास हुई, जहां ट्रक क्रमांक CG04MS7963 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए विद्युत विभाग के तीन एच-बीम पोल और निम्नदाब विद्युत लाइन को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।

इस मामले में विद्युत विभाग की शिकायत पर थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 682/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस, धारा 139 विद्युत अधिनियम एवं धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान ट्रक चालक की पहचान दिलीप यादव (31 वर्ष), निवासी संजय नगर सरोना, रायपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसे 22 नवंबर को गिरफ्तार किया।

वहीं, दूसरी घटना 20 नवंबर की रात करीब 2:18 बजे दुर्ग से रायपुर जाने वाले जीई रोड पर चिराग ढाबा, चरोदा के पास हुई। यहां वाहन क्रमांक MH-40-CM-9041 के चालक ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए 11 केवी एच-बीम पोल और निम्नदाब विद्युत लाइन को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना के कारण 11 केवी चरोदा-1 विद्युत लाइन ट्रिप हो गई, जिससे 33 केवी रायपुर लाइन भी बंद हो गई थी।

इस घटना पर विद्युत विभाग की रिपोर्ट के आधार पर थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 681/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस, धारा 139 विद्युत अधिनियम एवं धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान वाहन चालक की पहचान अशोक धुर्वे (31 वर्ष), निवासी जिला छिंदवाड़ा, मध्यप्रदेश के रूप में हुई। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे भी 22 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान घटना कारित करना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट के सामने पेश किया गया। दोनों मामलों में दुर्घटना में प्रयुक्त वाहन भी पुलिस कार्रवाई के दायरे में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *