जशपुर। जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां चरित्र पर संदेह को लेकर एक पति ने अपनी ही पत्नी की टांगी से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने हत्या की सच्चाई छिपाने के लिए पत्नी की मौत खाट से गिरने के कारण होना बताया और परिजनों को गुमराह कर शव दफन करवा दिया। हालांकि, महिला की बहन को मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला कुनकुरी थाना क्षेत्र के ग्राम खजूरबहार का है। पुलिस के अनुसार, मृतिका पार्वती बाई (52 वर्ष) का विवाह गांव के ही मुखलाल राम उर्फ सुखलाल राम (62 वर्ष) से हुआ था। 6 नवंबर 2026 को शाम करीब 5 बजे मृतिका की बहू ने उसकी छोटी बहन सीता बाई को फोन कर पार्वती की मौत की सूचना दी। सूचना मिलने पर सीता बाई अगले दिन ग्राम खजूरबहार पहुंची। वहां उसने अपनी बहन को घर के कमरे में मृत अवस्था में पाया। मृतिका के सिर और माथे पर गंभीर चोट के निशान थे तथा खून भी निकला हुआ था।
इस दौरान पति मुखलाल राम ने परिजनों को बताया कि पार्वती बाई खाट से गिर गई थी, जिससे सिर में चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। पति की बात पर विश्वास करते हुए परिजनों और समाज के लोगों ने 7 नवंबर को शव को दफन कर दिया।
कब्र से निकलवाया शव, पोस्टमार्टम में हत्या का खुलासा
कुछ समय बाद मृतिका की बहन सीता बाई को अपनी बड़ी बहन की मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। उसने 20 नवंबर को कुनकुरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और निष्पक्ष जांच की मांग की। शिकायत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। गवाहों के बयान दर्ज करने के बाद वैधानिक प्रक्रिया के तहत कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में डॉक्टर ने मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक बताई। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या के रूप में लेते हुए जांच तेज कर दी।
चरित्र शंका में टांगी से किया हमला
पुलिस पूछताछ में आरोपी मुखलाल राम ने बताया कि वह अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। 6 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 से 1 बजे के बीच उसने पत्नी को किसी व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसी बात को लेकर वह गुस्से में आ गया और घर में रखी टांगी के पासा वाले हिस्से से पत्नी के सिर, माथे और सीने पर दो-तीन बार वार कर दिया। गंभीर चोटों के कारण पार्वती बाई की मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने खुद को बचाने और घटना की वास्तविकता छिपाने के लिए पत्नी की मौत खाट से गिरने के कारण होना बताया था, जिससे परिजनों और समाज के लोगों ने उसकी बात पर विश्वास कर शव दफना दिया।
आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त टांगी जब्त
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से बांस का बेंट लगा लोहे का टांगी बरामद कर जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध थाना कुनकुरी में अपराध क्रमांक 226/2026, धारा 103(1) एवं 238(क) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी मुखलाल राम उर्फ सुखलाल राम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।