Headlines

2 करोड़ के आईफोन चोरी का रायपुर पुलिस ने किया खुलासा, 1000 CCTV फुटेज और 10 लाख मोबाइल नंबरों की जांच से पकड़े गए आरोपी, विदेश भागने की फ़िराक में था

रायपुर। राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर से करीब 2 करोड़ रुपये के आईफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की चोरी के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय कंजर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 125 आईफोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह का कथित सरगना राजेश अजय सिंह झाला और चोरी के आईफोन खपाने वाला सफान खान शामिल है। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 की दरम्यानी रात मरीन ड्राइव स्थित आई नैक्सट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के एप्पल स्टोर का शटर उठाकर अज्ञात आरोपियों ने 173 नग एप्पल आईफोन, एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड चोरी कर लिए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई। आरोपी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे। इस मामले में थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 487/26 के तहत धारा 331(4), 305 भारतीय न्याय संहिता (BNS) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

40 सदस्यीय टीम ने 25 दिनों तक की जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर एसीसीयू और तेलीबांधा पुलिस की छह विशेष टीमें गठित की गईं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में अभियान चलाया गया। पुलिस ने 250 किलोमीटर से अधिक के रास्ते में लगे 1000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही 1100 से अधिक सेल आईडी टावर और 10 लाख से ज्यादा मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया। करीब 40 सदस्यीय टीम ने लगातार 25 दिनों तक प्रयास कर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

देवास के कंजर गिरोह से जुड़े तार

पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी की वारदात को मध्यप्रदेश के देवास जिले के टोंककला निवासी राजेश अजय सिंह झाला ने अपने बेटे राज झाला और साथी राजेश लोधी के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, राजेश झाला के खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक अपराध दर्ज हैं।

पुलिस की पूछताछ में राजेश झाला ने कथित तौर पर बताया कि आरोपी 25 अक्टूबर को बस से रायपुर आए थे और मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर की रेकी की थी। इसके बाद जोरा मॉल के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी की गई। आरोपियों ने चोरी की बाइक का इस्तेमाल वारदात को अंजाम देने में किया। घटना के बाद बाइक को महाराष्ट्र के मौधा क्षेत्र में कुल्हान नदी के पास छिपा दिया गया और दुकान का डीवीआर नदी में फेंक दिया गया।

चोरी के आईफोन खपाने वाला सफान खान गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, चोरी किए गए आईफोन को इंदौर निवासी सफान खान को सौंपा गया था। सफान खान कथित तौर पर चोरी के मोबाइल खपाने का काम करता था। पुलिस को आशंका थी कि वह विदेश भाग सकता है। इसके बाद इंदौर में तैनात 12 सदस्यीय टीम ने उसकी तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर पुलिस ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी टर्मिनस रेलवे स्टेशन के पास से उसे गिरफ्तार किया।

सफान खान की निशानदेही पर मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया से 125 आईफोन बरामद किए गए। इनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

दो आरोपी फरार, अन्य राज्यों की घटनाओं की भी जांच

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में राजेश अजय सिंह झाला (43 वर्ष), निवासी टोंककला, जिला देवास और सफान खान (35 वर्ष), निवासी जिला बड़वानी, मध्यप्रदेश शामिल हैं।

वहीं, राज झाला और राजेश लोधी निवासी टोंककला, जिला देवास अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। इसके अलावा चोरी के आईफोन को नेपाल और बांग्लादेश में खपाए जाने की आशंका सहित अन्य राज्यों में एप्पल स्टोर में हुई चोरी की घटनाओं से गिरोह के संबंधों की भी जांच की जा रही है। मामले में संगठित अपराध की धारा जोड़कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *