Headlines

सिलीडीह से 14 साल पहले लापता बालिका ग्रेटर नोएडा में मिली, अब 28 साल की महिला

धमतरी। जिले की पुलिस ने 14 साल पुराने गुमशुदगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। साल 2012 से लापता एक बालिका को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से सकुशल दस्तयाब किया है। बालिका समय के साथ अपना नाम और पहचान बदलकर रह रही थी, लेकिन पुलिस ने आधुनिक तकनीक, NATGRID और सोशल मीडिया की मदद से उसकी तलाश पूरी कर ली।

पुलिस के अनुसार, यह मामला थाना भखारा क्षेत्र के ग्राम सिलीडीह का है। यहां रहने वाली 14 वर्षीय बालिका 27 अक्टूबर 2012 को दोपहर करीब 1 बजे घर से मट्ठा लेने जाने की बात कहकर निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इस पर थाना भखारा में अपराध क्रमांक 62/2013, धारा 363 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

लंबे समय से मामला लंबित था। बालिका द्वारा समय के साथ अपना नाम और पहचान बदल लेने के कारण उसकी तलाश पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण बनी हुई थी।

तकनीकी साक्ष्यों से मिला अहम सुराग

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पुराने गुमशुदगी के मामलों की पतासाजी के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे थे। इसी अभियान के तहत भखारा पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम, NATGRID तथा अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से जांच आगे बढ़ाई।

पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और ग्राहक आवेदन प्रपत्र (CAF) से प्राप्त जानकारियों के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। जांच में पता चला कि लापता बालिका अब अपना नाम और पहचान बदलकर ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-III क्षेत्र में रह रही है।

ग्रेटर नोएडा पहुंचकर महिला को किया दस्तयाब

सुराग मिलने के बाद थाना भखारा पुलिस की टीम उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा रवाना हुई। स्थानीय स्तर पर पतासाजी और आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने 23 नवंबर 2026 को महिला को सकुशल दस्तयाब कर धमतरी लाया।

वर्तमान में महिला की उम्र करीब 28 वर्ष है। पुलिस के अनुसार, न्यायालय प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट, कुरुद के समक्ष धारा 183 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत दर्ज बयान में महिला ने बताया कि वर्ष 2012 में वह अपनी मां के पास चली गई थी। इसके बाद आगरा और दिल्ली-नोएडा क्षेत्र में रहकर रोजी-मजदूरी करने लगी। बालिग होने के बाद वर्ष 2018 में उसने विवाह कर लिया।

महिला ने अपने बयान में किसी भी प्रकार की जोर-जबरदस्ती या अपराध होने से इनकार किया है।

14 साल पुराने मामले का हुआ निराकरण

धमतरी पुलिस ने इस मामले को आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग, सतत प्रयास और पेशेवर कार्यशैली का परिणाम बताया है। पुलिस का कहना है कि वर्षों से लंबित गुमशुदगी के मामलों में भी गंभीरता से पतासाजी की जा रही है, ताकि बिछड़े लोगों को खोजकर उनके परिजनों तक पहुंचाया जा सके।

इस कार्रवाई में थाना भखारा पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *