Headlines

चांद बेकरी में गंदगी मिली, रायपुर निगम ने लगाया 10 हजार का जुर्माना

रायपुर। शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और जनशिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के लिए रायपुर नगर निगम ने सख्ती दिखाई है। नगर निगम जोन 6 के स्वास्थ्य विभाग ने गंदगी की शिकायत सही पाए जाने पर वार्ड क्रमांक 60 अयोध्या नगर स्थित चांद बेकरी और भाठागांव शराब दुकान अहाता के संचालकों पर 10-10 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया है। दोनों संस्थानों पर कुल 20 हजार रुपये की कार्रवाई की गई।

नगर निगम के अनुसार, बेकरी में गंदगी से संबंधित जनशिकायत प्राप्त होने पर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन 6 की टीम ने औचक निरीक्षण किया। जोन कमिश्नर प्रीति सिंह के मार्गदर्शन और जोन स्वास्थ्य अधिकारी आत्मानंद साहू की उपस्थिति में चंद्रशेखर आजाद वार्ड क्रमांक 60 के अयोध्या नगर स्थित चांद बेकरी की स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान बेकरी में भारी गंदगी और स्वच्छता का अभाव पाया गया। मौके पर जनशिकायत सही मिलने के बाद बेकरी संचालक पर तत्काल 10 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया। साथ ही भविष्य में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और गंदगी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

इसी तरह भाठागांव शराब दुकान अहाते में गंदगी और कचरे की शिकायत पर जोन 6 के स्वास्थ्य विभाग ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अहाते में भारी गंदगी और कचरा पाया गया। इस पर संबंधित अहाता संचालक के खिलाफ तत्काल 10 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया।

नगर निगम ने दोनों संचालकों को स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने की सख्त हिदायत दी है। निगम अधिकारियों के अनुसार, प्राप्त जनशिकायतों का जोन स्तर पर त्वरित निराकरण किया गया है। शहर में गंदगी फैलाने और स्वच्छता नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *