दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र के ग्राम डुण्डेरा में पैतृक कृषि भूमि को कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर हड़पने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने भूमि मालिक स्वर्गीय बोधीराम साहू के फर्जी हस्ताक्षर कर इकरारनामा और बिक्री नामा तैयार किया तथा जमीन की रजिस्ट्री शिवकुमार साहू की पत्नी सीमा साहू के नाम कराने की कार्रवाई की। पुलिस ने मामले में मूल दस्तावेजों सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख जब्त किए हैं।
दुर्ग पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर 2026 को ग्राम डुण्डेरा निवासी पन्ना लाल साहू (47) ने वरिष्ठ पुलिस कार्यालय में लिखित शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पिता स्वर्गीय बोधीराम साहू के स्वामित्व और आधिपत्य की कृषि भूमि ग्राम डुण्डेरा में स्थित है। आरोप है कि शिवकुमार साहू, उसकी पत्नी सीमा साहू और उनके सहयोगियों ने आपसी मिलीभगत कर इस भूमि से संबंधित कूटरचित दस्तावेज तैयार किए।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने 24 सितंबर 2022 को फर्जी इकरारनामा तैयार कराया और 18 नवंबर 2022 को स्वर्गीय बोधीराम साहू के नाम से कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षर कर बिक्री नामा बनाया। इन दस्तावेजों के जरिए पैतृक कृषि भूमि को छलपूर्वक अपने पक्ष में कराने का प्रयास किया गया।
हैंडराइटिंग जांच में फर्जी मिले हस्ताक्षर
प्रार्थी ने संबंधित दस्तावेजों में दर्ज हस्ताक्षरों की जांच हैंडराइटिंग विशेषज्ञ से कराई थी। पुलिस के अनुसार, विशेषज्ञ की रिपोर्ट में इकरारनामा और बिक्री नामा पर अंकित हस्ताक्षर बोधीराम साहू के वास्तविक हस्ताक्षर नहीं पाए गए। इसके बाद शिकायत के आधार पर थाना उतई में अपराध क्रमांक 568/2026 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 और 34 भारतीय दंड विधान के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने उपलब्ध दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए शिवकुमार साहू, उसकी पत्नी सीमा साहू और कौशल कुमार साहू को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से जुड़े मूल दस्तावेजों के साथ प्रार्थी द्वारा प्रस्तुत अभिलेख भी जब्त किए हैं।
ये दस्तावेज किए गए जब्त
पुलिस ने प्रार्थी पन्ना लाल साहू द्वारा प्रस्तुत 43 पन्नों के दस्तावेज जब्त किए हैं। इसके अलावा शिवकुमार साहू से 18 नवंबर 2022 के बिक्री नामा का ई-स्टाम्प सर्टिफिकेट और 24 सितंबर 2022 के इकरारनामा का मूल स्टाम्प पेपर बरामद किया गया। वहीं, सीमा साहू से 14 फरवरी 2023 का ई-स्टाम्प पेपर और रजिस्ट्री पत्रक की मूल प्रति जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
- शिवकुमार साहू, निवासी राधिका नगर, सुपेला, जिला दुर्ग।
- सीमा साहू, निवासी राधिका नगर, सुपेला, जिला दुर्ग।
- कौशल कुमार साहू, निवासी इंदिरा नगर, ग्राम डुण्डेरा, जिला दुर्ग।