दुर्ग। सोलर पैनल बाजार दर से कम कीमत पर उपलब्ध कराने और ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने का झांसा देकर 34 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में दुर्ग पुलिस ने मुंबई से आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी आयुष उपाध्याय और विवेक मिश्रा इस मामले में पहले से मुंबई की सेंट्रल जेल में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध थे। दुर्ग पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें प्रोडक्शन वारंट के माध्यम से दुर्ग लाया और न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। मामले में आगे की पूछताछ और विवेचना जारी है।
दुर्ग पुलिस के अनुसार, प्रार्थी नवीन कुमार ने 5 सितंबर 2026 को सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृतिनगर चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 24 जून 2026 को मोबाइल फोन के माध्यम से स्नेहा और कंपनी मैनेजर कमलेश पाटिल ने उनसे संपर्क किया था। उन्होंने खुद को मुंबई की सनरुट एनर्जी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित बताते हुए बाजार दर से कम कीमत पर सोलर पैनल उपलब्ध कराने और ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने का प्रस्ताव दिया।
आरोप है कि कंपनी के प्रतिनिधि बनकर आरोपियों ने प्रार्थी का विश्वास जीता और कंपनी के नाम पर रकम जमा कराई। इसके बाद प्रार्थी ने बैंक ऑफ बड़ौदा की नंदनी रोड, भिलाई शाखा और कोटक महिंद्रा बैंक, सुपेला स्थित अपने खातों से IMPS और RTGS के माध्यम से 34 लाख रुपये मुंबई स्थित एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के कंपनी खाते में ट्रांसफर कर दिए। बाद में धोखाधड़ी का पता चलने पर प्रार्थी ने पुलिस से शिकायत की।
शिकायत के आधार पर थाना सुपेला, चौकी स्मृतिनगर में अपराध क्रमांक 1306/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्य और बैंक खातों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान साइबर सेल और संबंधित बैंकों से संदिग्ध मोबाइल नंबरों एवं बैंक खातों की जानकारी जुटाई गई। प्रार्थी के बयान और जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आयुष उपाध्याय और विवेक मिश्रा के नाम सामने आए। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी मुंबई के बांगुर नगर थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य अपराध क्रमांक 880/2026 के मामले में पहले से गिरफ्तार थे और सेंट्रल जेल मुंबई में बंद थे।
इसके बाद स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने स्थानीय पुलिस और जेल प्रशासन से समन्वय स्थापित किया। जिला न्यायालय दुर्ग के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद आरोपियों को मुंबई से दुर्ग लाया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए रिमांड प्राप्त किया है।
व्यावसायिक लाभ का लालच देकर की गई ठगी
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सोलर पैनल कम कीमत पर उपलब्ध कराने और ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने का प्रस्ताव देकर प्रार्थी की फर्म को व्यावसायिक लाभ का लालच दिया। कंपनी का प्रतिनिधि बताकर भरोसा हासिल किया और ऑनलाइन बैंकिंग के जरिए 34 लाख रुपये कंपनी के खाते में जमा करा लिए।