कोलकाता/जलपाईगुड़ी। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में बिसलेरी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिलने का मामला सामने आया है। इसके बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी दे दी है। न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पानी के सैंपल की जांच प्राथमिक और रेफरल दोनों लैब में की गई, जहां कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई। कोलीफॉर्म बैक्टीरिया सीवेज के पानी या दूषित पाइपों के जरिए पीने के पानी में पहुंच सकता है। ऐसे में पानी की गुणवत्ता और उसकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
गोवा में भी सामने आया था ऐसा मामला
इससे पहले गोवा में बिसलेरी के पानी के सैंपल में ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) जैसे रसायन पाए जाने की बात सामने आई थी। रिपोर्ट के अनुसार, ब्रोमेट को कैंसर के जोखिम से जुड़ा रसायन माना जाता है।
गोवा के मामले में भी कंपनी के खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी दी गई थी। जलपाईगुड़ी के ताजा मामले में FSSAI की कार्रवाई के बाद अब कंपनी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है।