Headlines

धमतरी कलेक्टर ने अधिकारी-कर्मचारियों के छुट्टी पर लगाई रोक, विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए नोडल अफसर की भी नियुक्ति की

धमतरी। छत्तीसगढ़ विधानसभा की षष्ठम् विधानसभा का ग्यारहवां सत्र 14 दिसंबर से 17 दिसंबर 2026 तक आयोजित होगा। सत्र के दौरान विधानसभा से संबंधित प्रश्नों एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों के समयबद्ध निराकरण और विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आदेश जारी कर नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं।


जारी आदेश में अपर कलेक्टर अजय किशोर लकड़ा को नोडल अधिकारी तथा संयुक्त कलेक्टर प्रीति दुर्गम को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों अधिकारियों को विधानसभा सत्र के दौरान प्राप्त होने वाले तारांकित एवं अतारांकित प्रश्नों, स्थगन प्रस्तावों, शून्यकाल, आश्वासनों, ध्यानाकर्षण सूचनाओं और अशासकीय संकल्पों सहित अन्य विषयों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।


प्रशासन ने सत्र की अवधि के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अत्यावश्यक परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी अधिकारी-कर्मचारी को मुख्यालय से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। अपरिहार्य स्थिति में मुख्यालय छोड़ने से पहले सक्षम अधिकारी से पूर्व अनुमति और अवकाश स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा।


जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि विधानसभा सत्र के दौरान मांगी जाने वाली जानकारी, प्रश्नों के उत्तर और अन्य प्रक्रियाओं का समय-सीमा में निराकरण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *