छत्तीसगढ़। प्रदेश के बस्तर क्षेत्र, जो कभी नक्सल हिंसा का केंद्र माना जाता था, अब तेजी से नई पहचान बनकर उभर रहा है. केंद्र और राज्य सरकार ने पहले ही विकास की जो नींव रखी थी, अब उसे और मजबूत करने के लिए व्यापक खाका तैयार किया गया है।
अब छत्तीसगढ़ का बस्तर एक ऐसे मोड़ पर खड़ा है, जहां चुनौतियों की चर्चा से अधिक भविष्य की संभावनाओं पर बात हो रही है. वर्षों तक जिन हालातों ने इस क्षेत्र को देश की मुख्यधारा से दूर रखा, वे अब धीरे-धीरे पीछे छूटते दिख रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अगला लक्ष्य केवल शांति स्थापित करना नहीं है. उस शांति को स्थायी विकास में बदलना है, ताकि बस्तर आने वाले वर्षों में देश के सबसे उभरते क्षेत्रों में शामिल हो सके।
दूरस्थ गांवों तक पहुंचते विकास के संकेत अब साफ दिखाई दे रहे हैं. अबूझमाड़ जैसे इलाकों में जहां कभी पहुंच पाना भी कठिन था, वहां स्कूल, आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो रहा है. रेकावया जैसे गांवों में पहली बार बच्चों के लिए शिक्षा का माहौल बन रहा है, जिससे आने वाली पीढ़ी के जीवन में बड़ा बदलाव आएगा।
सुरक्षा कैंपों के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं का विस्तार लोगों के भीतर विश्वास पैदा कर रहा है कि अब उनका भविष्य सुरक्षित और बेहतर है. बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार इस बदलाव की सबसे बड़ी पहचान है। चिल्कापल्ली, तेमेनार, पुसकोंटा और हांदावाड़ा जैसे गांवों में पहली बार रोशनी पहुंचना केवल सुविधा नहीं, बल्कि जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है. अब इन क्षेत्रों में राशन, स्वास्थ्य सेवाएं और पोषण योजनाएं नियमित रूप से पहुंच रही हैं, जिससे लोगों का जीवन स्तर धीरे-धीरे सुधर रहा है और असुरक्षा का माहौल कम हो रहा है।
बता दें कि देश की आंतरिक सुरक्षा इतिहास में महत्वपूर्ण मोड़ दर्ज करते हुए 31 मार्च 2026 के बाद नक्सलवाद समाप्ति की ओर पहुंच चुका है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त प्रयासों ने उस चुनौती को निर्णायक रूप से ख़त्म कर दिया, जो दशकों तक देश के लिए चिंता का विषय बनी रही. अब सरकार की प्राथमिकता साफ है- सुरक्षा से आगे बढ़ते हुए विकास को स्थायी समाधान के रूप में स्थापित करना।
ये है आगे की रणनीति–
सरकार की आगे की रणनीति भी स्पष्ट है. जैसे-जैसे नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त होगा, सुरक्षा बलों की भूमिका धीरे-धीरे सीमित होती जाएगी और प्रशासन का पूरा ध्यान सामाजिक और आर्थिक विकास पर केंद्रित होगा. बस्तर को शिक्षा, पर्यटन, उद्योग और सांस्कृतिक समृद्धि के मॉडल क्षेत्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
अब एक नया बस्तर आकार ले रहा है- जहां कभी भय और असुरक्षा का माहौल था, वहां अब विकास, अवसर और विश्वास की नई कहानी लिखी जा रही है. यह बदलाव केवल एक क्षेत्र का नहीं, बल्कि पूरे भारत के लिए संदेश है कि सही रणनीति और मजबूत इच्छाशक्ति से सबसे बड़ी चुनौतियों को भी अवसर में बदला जा सकता है।
बस्तर की पहचान संघर्ष से नहीं, बल्कि उसकी क्षमता, संस्कृति और विकास की गति से होगी. आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा बन सकता है. जहां यह दिखेगा कि सही दिशा और निरंतर प्रयासों से किसी भी क्षेत्र का भविष्य बदला जा सकता है।