Headlines

रायगढ़ में सरकारी जमीन की फर्जी रजिस्ट्री का मामला, पांचवें आरोपी भी गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में शासकीय भूमि के फर्जी अंतरण और बिक्री के मामले में कापू पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। ग्राम रायमेर की सरकारी जमीन को कूटरचित दस्तावेजों और राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर कर निजी व्यक्तियों के नाम पर कराने के मामले में मुक्तारधारी आरोपी कैलाश कुमार जेठवानी उर्फ सोनी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक नामजद सभी पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम रायमेर की शासकीय भूमि के विभिन्न खसरों में कथित तौर पर कूटरचना कर खसरा बंटाकन और राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर किया गया था। इसके बाद बाहरी व्यक्तियों के नाम पर फर्जी पट्टे तैयार कर दलालों के माध्यम से जमीन की रजिस्ट्री कराई गई।

तहसीलदार की रिपोर्ट पर दर्ज हुआ था मामला

मामले में 11 अगस्त 2026 को तहसीलदार कापू उन्मेश पटेल ने थाना कापू में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में ग्राम पंचायत रायमेर की शासकीय भूमि के खसरा नंबर 479/2, 467/36, 467/25, 467/23, 310/10/ख, 310/10/2 सहित अन्य खसरों में कूटरचना और राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर किए जाने की जानकारी दी गई थी।

जांच में तत्कालीन पटवारी राकेश साय की भूमिका सामने आई थी। आरोप है कि शासकीय भूमि के कुछ हिस्सों को निजी व्यक्तियों के नाम पर दर्ज किया गया और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर आगे अन्य व्यक्तियों को अंतरित किया गया।

इस मामले में थाना कापू में अपराध क्रमांक 131/2026 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 और 120(बी) भारतीय दंड संहिता के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

तत्कालीन पटवारी सहित पहले चार आरोपी गिरफ्तार

विवेचना के दौरान पुलिस ने 2 सितंबर 2026 को तत्कालीन पटवारी राकेश साय को ग्राम गनपतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से लैपटॉप और प्रिंटर भी जब्त किए गए थे।

इसके बाद रजिस्ट्री गवाह अगस्तुस खलखो और भूमि विक्रेता उजीतराम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। वहीं रजिस्ट्री गवाह लालबहादुर यादव द्वारा न्यायालय का अग्रिम जमानत आदेश प्रस्तुत किए जाने पर उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की गई थी।

पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर जमीन बिक्री का आरोप

एसडीओपी धरमजयगढ़ के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की द्वारा मामले की विवेचना और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुक्तारधारी आरोपी कैलाश कुमार जेठवानी उर्फ सोनी की संलिप्तता सामने आई।

पुलिस ने 27 नवंबर को आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2022 में ग्राम रायमेर निवासी उजीत कुमार ने उक्त भूमि के विक्रय के लिए उसे पावर ऑफ अटॉर्नी यानी मुख्तारनामा दिया था। आरोपी ने रजिस्ट्री से पहले रजिस्ट्री गवाह लालबहादुर यादव से मोबाइल पर बातचीत होने की बात भी स्वीकार की।

पुलिस ने रजिस्ट्री के दौरान प्रस्तुत आरोपी का आधार कार्ड साक्ष्य के रूप में जब्त किया है। आरोपी कैलाश कुमार जेठवानी उर्फ सोनी, उम्र 46 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 7, पतरापारा धरमजयगढ़, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस मामले में कूटरचित दस्तावेजों और शासकीय भूमि के फर्जी अंतरण से जुड़े तथ्यों की विवेचना कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *