मणिपुर। मणिपुर के मोइरांग में बम धमाके में दो बच्चों की मौत के बाद राज्य में हिंसा फैल गई है. बिष्णुपुर जिले में कर्फ्यू लगाया गया है और पांच घाटी जिलों में तीन दिन के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। मणिपुर में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है. यहां रॉकेट से हुए हमले में दो बच्चों की मौत के बाद कई जिलों में फिर से तनाव की स्थिति बन गई है. इस घटना से एक बार फिर राज्य में शांति भंग कर दी है।
बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन ने बिष्णुपुर जिले में कर्फ्यू लगा दिया है, जबकि अफवाहों पर रोक लगाने और हालात सामान्य करने के लिए पांच घाटी जिलों में तीन दिन के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
बच्चों की मौके पर मौत, मां घायल
यह हमला मोइरांग पुलिस स्टेशन के अंतर्गत ट्रोंगलाओबी अवांग लेइकाई में रात करीब 1 बजे हुआ. बताया जा रहा है कि कुकी उग्रवादियों का दागा गया एक रॉकेट एक घर पर जा गिरा. इस विस्फोट में एक 5 वर्षीय लड़के और एक 5 महीने की बच्ची की मौत हो गई. इस हमले में मां गंभीर रूप से घायल हो गईं. दोनों बच्चों को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया।
घटना से घाटी सुलगी
घटना के बाद घाटी के जिलों में तनाव तेजी से बढ़ गया. गुस्साए लोगों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और बिष्णुपुर जिले में दो बिटुमेन टैंकर और लोहे की छड़ों से भरा एक ट्रक आग के हवाले कर दिया. बताया जा रहा है कि ये गाड़ियां चुराचांदपुर जिले की ओर जा रही थीं।