धमतरी। केरेगांव पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि पूर्णिमा सोरी नाम की महिला का एक साल से शंकर सूर्यवंशी के साथ अफेयर चल रहा था।
शंकर सूर्यवंशी समय-समय पर पूर्णिमा सोरी से मिलने उसके गांव आता-जाता था। लगभग 15 दिन पूर्व पूर्णिमा सोरी अपनी दो बच्चियों के साथ शंकर सूर्यवंशी के घर गई थी तथा चार-पांच दिन वहां रहने के बाद वापस अपने घर लौट आई थी। 8 जुलाई की शाम 7 बजे शंकर सूर्यवंशी पुनः पूर्णिमा सोरी के घर मिलने आया। रात में भोजन करने के पश्चात पूर्णिमा सोरी, उसका पति योगेंद्र सोरी, दोनों बच्चे तथा शंकर सूर्यवंशी एक ही हॉल में सो गए। इस बीच रात 3 बजे पति योगेंद्र सोरी ने पत्नी के प्रेमी शंकर सूर्यवंशी पर कुल्हाड़ी से गले पर प्राणघातक वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल शंकर सूर्यवंशी को तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल धमतरी लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना केरेगांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर आरोपी योगेंद्र सोरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने जुर्म करना कबूल लिया है।
आरोपी का नाम – योगेंद्र सोरी पिता स्व रामकृष्ण सोरी (बाजार कुर्रीडीह)