रायगढ़। 100 दिनों बाद सकुशल अपने घर लौटे पुटकापुरी निवासी मानसिक रोगी रामदास महंत ने एसएसपी शशि मोहन सिंह से सौजन्य भेंट की। इस दौरान एसएसपी ने रामदास से आत्मीयता के साथ बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उन्हें नियमित रूप से घर पर रहकर स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने किसी भी प्रकार की आवश्यकता या परेशानी होने पर बिना संकोच पुलिस एवं प्रशासन से संपर्क करने का भरोसा भी दिलाया। उल्लेखनीय है कि पुटकापुरी निवासी रामदास महंत मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण लगभग 100 दिन पूर्व घर से कहीं चले गए थे। परिजनों एवं ग्रामीणों द्वारा लगातार खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। इसी दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से उनके राजस्थान के सिरोही जिले में होने की सूचना प्राप्त हुई।
सूचना मिलते ही कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिला प्रशासन और पुलिस सक्रिय हुई। थाना प्रभारी द्वारा राजस्थान स्थित मानव सेवा आश्रम से संपर्क कर पुष्टि की गई कि रामदास महंत वहां सुरक्षित हैं। इसके बाद जिला प्रशासन ने उनकी सकुशल घर वापसी के लिए त्वरित पहल करते हुए यात्रा की संपूर्ण व्यवस्था, आर्थिक सहायता एवं रेल आरक्षण उपलब्ध कराया।
30 जून 2026 को रामदास महंत को राजस्थान से रवाना किया गया और वे सकुशल अपने गांव लौटे, जहां परिवार एवं ग्रामीणों ने भावुक होकर उनका स्वागत किया। इस पूरी पहल में जिला प्रशासन, रायगढ़ पुलिस, ग्राम पंचायत पुटकापुरी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से एक परिवार को उसकी खोई हुई खुशी वापस मिली।