रायगढ़। साइबर और कोतवाली पुलिस की टीम ने शहर स्थित होटल व्हाइट रोज में छापेमारी की। जांच के दौरान होटल में सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाओं में कमियां पाए जाने पर पुलिस टीम ने होटल संचालक सूरज सिंह (28 वर्ष), निवासी फतेहामुड़ा, थाना जूटमिल, रायगढ़ को सुरक्षा मानकों में तत्काल सुधार करने की समझाइश दी। इस दौरान होटल संचालक ने पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया तथा समझाइश के बावजूद उसका आक्रामक रवैया जारी रहा।
स्थिति को देखते हुए पुलिस द्वारा होटल संचालक को थाना कोतवाली लाकर समझाइश दी गई, लेकिन वहां भी वह उग्र व्यवहार करता रहा। संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका एवं शांति व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत उसे प्रतिबंधात्मक रूप से गिरफ्तार किया। साथ ही धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत इस्तगासा तैयार कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस द्वारा जिले के होटल, लॉज एवं गेस्ट हाउसों की नियमित जांच की जा रही है। यह अभियान सुरक्षा मानकों के पालन, आगंतुकों का सत्यापन तथा अनैतिक एवं अवैध गतिविधियों की रोकथाम के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन अथवा पुलिस कार्यवाही में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।