देमार के तांत्रिक ने महिला के साथ रेप की कोशिश की, कमरे में किया बंद

धमतरी। अर्जुनी थाना क्षेत्र में पूजा-पाठ और ताबीज पहनाने का झांसा देकर महिला से अश्लील हरकत करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में धमतरी पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने पूजा-पाठ के बहाने उसे कमरे में अकेला बुलाया और उसके साथ अशोभनीय एवं अश्लील हरकत करते हुए उसकी अस्मिता भंग करने का प्रयास किया। महिला के विरोध कर शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।

शिकायत के आधार पर थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 83/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुर्गेश्वर प्रसाद चौरे उर्फ मोची गब्बर (30 वर्ष) निवासी ग्राम देमार, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी के रूप में हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *