रायपुर में CA ऑफिस से 8 लाख की चोरी

रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक सीए ऑफिस में बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। सुंदर नगर निवासी अर्पणा नायक, जो सीए तारवानी एंड एसोसिएट्स में कैशियर के पद पर कार्यरत हैं, ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार अज्ञात चोरों ने ऑफिस में घुसकर कैश काउंटर का लॉक काटकर करीब 8.30 लाख रुपये की नगदी चोरी कर ली।

पुलिस को दी गई शिकायत में अर्पणा नायक ने बताया कि 21 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे ऑफिस के ड्राइवर कुलदीप उईके का फोन आया। कुलदीप ऑफिस के ऊपर बने कमरे में रहता है। उसने फोन पर जानकारी दी कि ऑफिस में चोरी हो गई है और इसकी सूचना उसने चेतन तारवानी को भी दे दी है। सूचना मिलने के बाद अर्पणा नायक करीब 10:30 बजे सीए तारवानी एंड एसोसिएट्स के ऑफिस पहुंचीं। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने रात के समय ऑफिस में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरों ने कैश काउंटर को उठाकर नीचे लाया और कटर की मदद से उसका लॉक काट दिया।

कैश काउंटर के अंदर रखी नगदी में 500 रुपये के 1314 नोट, 200 रुपये के 441 नोट, 100 रुपये के 673 नोट, 50 रुपये के 2 नोट, 20 रुपये के 6 नोट, 10 रुपये के 6 नोट, 5 रुपये के 4 नोट सहित सिक्के भी शामिल थे। इन सभी की कुल कीमत 8 लाख 12 हजार 825 रुपये बताई गई है। इसके अलावा चोरों ने दो लिफाफों में रखी अतिरिक्त रकम भी चोरी कर ली। एक लिफाफे में 15 हजार रुपये थे, जिसमें 100 रुपये के 100 नोट और 500 रुपये के 10 नोट रखे थे। वहीं दूसरे लिफाफे में 3 हजार रुपये थे, जिसमें 500 रुपये के 6 नोट थे। इसके साथ ही एक डिब्बे में रखे 80 रुपये के सिक्के भी चोरी हो गए। शिकायत के मुताबिक चोरी गई कुल रकम 8 लाख 30 हजार 905 रुपये है। घटना की जानकारी सीए ऑफिस के संचालक चेतन तारवानी और दिनेश तारवानी को भी है। अर्पणा नायक की रिपोर्ट के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *