रायपुर। पचपेड़ी नाका स्थित वुडलैम प्लाई शोरूम के संचालक से लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शोरूम संचालक प्रवीण सारडा निवासी वल्लभ नगर, प्रियदर्शनी नगर रायपुर की शिकायत पर टिकरापारा थाना पुलिस ने कोलकाता निवासी राजेश मेहरा के खिलाफ धोखाधड़ी, गबन और अमानत में खयानत का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार प्रवीण सारडा और उनके पार्टनर राहुल अग्रवाल पचपेड़ी नाका रिंग रोड नंबर-1 रायपुर में वुडलैम नाम से प्लाईवुड और निर्माण सामग्री का थोक एवं फुटकर व्यापार करते हैं। करीब एक साल पहले बिलासपुर निवासी राजेश मेहरा उनके शोरूम में आया था और खुद को कोलकाता की आशना इम्पैक्स कंपनी का बड़ा इंटीरियर डिजाइनर बताकर प्लाईवुड खरीदने की इच्छा जताई थी। आरोप है कि राजेश मेहरा कई बार शोरूम आकर उधार में माल देने के लिए विश्वास दिलाता रहा। उसने बताया कि बिलासपुर में वह बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है, जिसमें अग्रसेन भवन और बजाज वकील साहब के मकान का काम शामिल है। उसने यह भरोसा भी दिलाया कि भुगतान में कोई समस्या होने पर बिलासपुर की साइट से रकम मिल जाएगी।
शिकायतकर्ता के अनुसार राजेश मेहरा की बातों पर विश्वास कर 23 सितंबर 2025 को डिलीवरी चालान क्रमांक 166 के माध्यम से बिलासपुर साइट के लिए 2 लाख 77 हजार 140 रुपये कीमत का प्लाईवुड भेजा गया। लेकिन माल लेने के बाद आरोपी ने शोरूम आना बंद कर दिया और संपर्क भी नहीं किया। प्रवीण सारडा ने बताया कि करीब 15-20 दिन बाद जब उन्होंने राजेश मेहरा से भुगतान के लिए संपर्क किया तो वह अलग-अलग बहाने बनाने लगा। कभी तबीयत खराब होने की बात कही तो कभी फोन पर बात करने से बचता रहा। बाद में उसने कॉल और मैसेज का जवाब देना भी बंद कर दिया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जब कारोबारी बिलासपुर पहुंचे तो जानकारी मिली कि राजेश मेहरा ने वकील सहित अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह धोखाधड़ी की है और बड़ी रकम लेकर कोलकाता चला गया है। आरोप है कि उनके द्वारा भेजे गए प्लाईवुड का उपयोग बिलासपुर की बताई गई साइटों पर नहीं किया गया, बल्कि उसे कहीं और बेच दिया गया। पुलिस को दिए आवेदन में कारोबारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बिलासपुर में भी धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज होने की जानकारी मिली है। इसके बाद उन्होंने रायपुर के टिकरापारा थाने में कानूनी कार्रवाई की मांग की।