रायपुर। टिकरापारा थाने के देवपुरी इलाके में सड़क हादसे का मामला सामने आया है। फॉरेस्ट विभाग के रेंजर पुष्पेश चंद्र गोस्वामी की कार को एक तेज रफ्तार कार चालक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद वाहन चालक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए नुकसान की भरपाई करने का आश्वासन दिया था, जिसके चलते रेंजर ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। बाद में समझौता नहीं होने पर उन्होंने टिकरापारा थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुष्पेश चंद्र गोस्वामी ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई जलज शर्मा की कार क्रमांक CG04QN2701 को चलाते हुए अपने दोस्त लखन लाला के साथ शैलेन्द्र नगर से कमल विहार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान धमतरी रोड स्थित गणपति मोटर्स के सामने देवपुरी मेन रोड पर पहुंचे थे।
इसी समय पीछे से आ रही कार क्रमांक OD15AF5338 के चालक ने अपने वाहन को तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए उनकी कार को पीछे की ओर जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से कार के पिछले हिस्से में काफी नुकसान हुआ। हालांकि हादसे में रेंजर पुष्पेश चंद्र गोस्वामी और उनके साथी को किसी तरह की चोट नहीं आई।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने हादसा देखा था। शिकायतकर्ता के अनुसार, दुर्घटना के बाद सामने वाले कार चालक ने मौके पर अपनी गलती मान ली थी और वाहन में हुए नुकसान की पूरी भरपाई करने का भरोसा दिलाया था। इसी वजह से उन्होंने तत्काल थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई और मामले को आपसी बातचीत एवं समझौते के जरिए सुलझाने का प्रयास किया। लेकिन बाद में समझौता नहीं हो पाने के कारण रेंजर पुष्पेश चंद्र गोस्वामी ने टिकरापारा थाने पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी और कार्रवाई की मांग की।