लाखों रुपए देने के बाद भी वाहन चालक भर्ती में नहीं होगा चयन, वन विभाग ने जारी की चेतावनी

मुंगेली। जिला वनमंडल ने वाहन चालक भर्ती प्रक्रिया के नाम पर अभ्यर्थियों से ठगी किए जाने की आशंका को लेकर अभ्यर्थियों को सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने बताया कि कुछ अज्ञात व्यक्ति स्वयं को प्रभावशाली व्यक्ति अथवा भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा बताकर अभ्यर्थियों को फोन कर चयन कराने का झांसा दे रहे हैं और इसके एवज में धनराशि की मांग कर रहे हैं।

वनमंडलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि वाहन चालक भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित की जा रही है। भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की सिफारिश या धनराशि का कोई स्थान नहीं है। यदि कोई व्यक्ति भर्ती के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो वह धोखाधड़ी का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि ऐसे किसी भी फर्जी कॉल, संदेश या प्रलोभन पर विश्वास न करें तथा किसी भी व्यक्ति को धनराशि न दें। यदि किसी अभ्यर्थी को इस प्रकार का कॉल प्राप्त होता है, तो संबंधित मोबाइल नंबर, उपलब्ध विवरण एवं अन्य साक्ष्यों को सुरक्षित रखते हुए तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा साइबर सेल को इसकी सूचना दें। वनमंडलाधिकारी ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया से संबंधित सभी आधिकारिक जानकारी केवल अधिकृत माध्यमों से ही प्राप्त करें तथा अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *