इंस्टाग्राम में मैसेज भेजकर डूंडा निवासी से 70 हजार की ठगी 

रायपुर। डूंडा निवासी व्यक्ति ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया। साइबर ठगों ने इंस्टाग्राम पर क्रेडिट कार्ड से खाते में पैसे ट्रांसफर करने का लालच देकर पीड़ित से हजारों रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर मुजगहन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार डूंडा निवासी अनिल कुल्हाड़िया के पास इंस्टाग्राम आईडी fit_sush_model के जरिए एक विज्ञापन आया था। विज्ञापन में क्रेडिट कार्ड से खाते में पैसे ट्रांसफर करने का प्रलोभन दिया गया था। झांसे में आकर अनिल ने बताए गए लिंक clickpayz.in पर 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।

इसके बाद ठगों ने व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया और पीड़ित को भरोसा दिलाया कि 24 घंटे के अंदर पूरी रकम वापस कर दी जाएगी। कुछ समय बाद आरोपियों ने कहा कि 50 हजार रुपये एक साथ वापस नहीं हो पा रहे हैं और पहले 20 हजार रुपये खाते में भेजे जाएंगे। इसी बहाने उन्होंने पीड़ित से दोबारा रकम ट्रांसफर करवा ली, जिसके बाद उसके खाते से 20,500 रुपये और कट गए। जब अनिल कुल्हाड़िया को महसूस हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं, तो उन्होंने तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। शिकायत के आधार पर मुजगहन पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *