बीरगांव की घटना, मजदूरी का पैसा बांट रहे ड्राइवर से मारपीट

रायपुर। बीरगांव में मजदूरी का पैसा बांट रहे एक ड्राइवर के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ड्राइवर पुरन साहू ने उरला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में पुरन साहू ने बताया कि वह बीरगांव स्थित मोती सागर तालाब के पास अपने कर्मचारियों को मजदूरी का वेतन बांट रहा था। इसी दौरान कुनाल थापा और दीपक मानिकपुरी वहां पहुंचे। दोनों ने पुरन साहू से कहा कि तुम्हारे पास बहुत पैसा रखा है और तुम पैसा बांट रहे हो, हमें भी पैसे दो।

पुरन साहू ने बताया कि उसने दोनों से कहा कि वह अपने कर्मचारियों की मजदूरी का भुगतान कर रहा है, इसलिए उन्हें पैसा क्यों देगा। इसी बात को लेकर दोनों युवक नाराज हो गए और एक राय होकर उसके साथ विवाद करने लगे। आरोप है कि कुनाल थापा और दीपक मानिकपुरी ने पुरन साहू के साथ गाली-गलौज की और अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों ने हाथ-मुक्के से मारपीट की और किसी धारदार वस्तु से उसकी पीठ पर वार कर चोट पहुंचाई।

घटना के दौरान कमलेश साहू और सूरज निषाद मौके पर मौजूद थे। दोनों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। मारपीट के बाद पुरन साहू इलाज के लिए मां शारदा हॉस्पिटल, व्यास तालाब के पास पहुंचा, जहां उसने अपना उपचार कराया। पीड़ित की शिकायत के बाद उरला पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *